संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। दिल्ली-रेवाड़ी पैसेंजर ट्रेन का विस्तार अब सातरोड स्टेशन तक किया जाएगा। अभी तक यह ट्रेन दिल्ली और रेवाड़ी के बीच प्रतिदिन संचालित हो रही है। अब यह ट्रेन रेवाड़ी से वाया भिवानी होकर सातरोड तक संचालित की जाएगी।
इसका सबसे ज्यादा फायदा दिल्ली से सीधा सातरोड तक यात्रा करने वाले यात्रियों को होगा। विस्तारित स्टेशनों पर इस ट्रेन के ठहराव का समय निर्धारित किया गया है। इसके संचालन की तिथि व किराए का निर्धारण होना अभी बाकी है।
दिल्ली-सातरोड पैसेंजर ट्रेन पहले की तरह अपने निर्धारित समय सुबह 07:10 बजे दिल्ली जंक्शन से चलकर 09:40 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। यहां 45 मिनट रुकने के बाद 10:25 बजे प्रस्थान करेगी और 1.35 बजे सातरोड पहुंचेगी। वापसी में इस गाड़ी के समय में बदलाव किया गया है। रेवाड़ी-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन पहले दोपहर 12 बजे रेवाड़ी से चलकर दोपहर 3.25 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचती थी।
अब यह गाड़ी वापसी में विस्तार होने के बाद सातरोड से दिल्ली के लिए दोपहर 14:10 बजे प्रस्थान कर वाया भिवानी होते हुए शाम 5.30 बजे रेवाड़ी जंक्शन पर पहुंचेगी और 45 मिनट रुकने के बाद शाम 6.15 बजे प्रस्थान करते हुए रात 9 बजे दिल्ली जंक्शन पर पहुंचेगी। विस्तार होने के बाद यह गाड़ी वापसी में रेवाड़ी से दिल्ली पहले की अपेक्षा 40 मिनट पहले पहुंचेगी।
इन स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
दिल्ली-रेवाड़ी पैसेंजर ट्रेन सराय रोहिल्ला, पटेल नगर, दिल्ली कैंट, पालम, शाहबाद मोहम्मदपुर, बिजवासन, गुरुग्राम, बसई धनकोट, गढ़ी हरसरू जंक्शन, पाटली, ताज नगर, जटोला जौड़ी सांपका, पटौदी रोड, इंछापुरी, खलीलपुर, कुंभावास मुंढलिया डाबड़ी व रेवाड़ी तक आती थी। विस्तारित होने के बाद अब यह ट्रेन रेवाड़ी से जाटूसाना, कोसली, झाड़ली, चरखी दादरी, भिवानी, बवानीखेड़ा, हांसी होते हुए सातरोड तक संचालित की जाएगी। इसी रूट से इस ट्रेन की वापसी भी होगी।