रेवाड़ी। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन की सभा गांव नीमोठ में हुई। इसमें संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यवान ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ आंदोलन की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि मनरेगा की बहाली, किसानों को फसल का मूल्य देने, कर्ज मुक्ति की मांग को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाना चाहिए। उन्होंने जनजागृति अभियान की शुरुआत करते हुए किसानों को संगठित होने का आह्वान किया।
राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं में निराशा बढ़ी है। उन्होंने जनजीवन के मुद्दों पर संघर्ष समितियां गठित करने की जरूरत बताई। किसान नेता अमर सिंह राजपुरा ने गांव-गांव में कमेटियां बनाकर किसान-मजदूर एकता को मजबूत करने की बात कही।
डीवाईओ के जिला सचिव अजय सिंह ने युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया।सभा का संचालन किसान नेता रामकुमार ने किया।