कोसली। गांव परखोत्तमपुर में एक वकील के फाॅर्म हाउस में बने कार्यालय में चोरी हो गई। कार्यालय में लगे सीसीटीवी में चोरी की वारदात कैद हो गई। वारदात से पहले चोर सीसीटीवी कैमरों की दिशा को बदलता हुआ दिखाई दिया। साथ ही मौके से नकदी, मोबाइल और अन्य सामान ले गया। जाटूसाना थाना पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर फुटेज के आधार पर चोर की तलाश शुरू कर दी है।
गांव परखोत्तमपुर निवासी एडवोकेट यशपाल सिंह फिलहाल शहर के सरस्वती विहार में रहता है। यशपाल ने गांव परखोत्तमपुर स्थित अपने खेत में फाॅर्म हाउस बनाया हुआ है। इसमें उसने कार्यालय भी बनाया हुआ है। रात को खिड़की तोड़कर चोर उसके फाॅर्म हाउस स्थित उसके कार्यालय में घुस गए और टेबल में लगे गल्ले को तोड़ दिया। चोर गल्ले से उसका मोबाइल, महंगा चार्जर और 5 हजार रुपये निकाल कर ले गया। चोरी की यह वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें टोपी पहना एक चोर साफ दिखाई दे रहा है। दिलचस्प बात यह है कि चोर ने सीसीटीवी कैमरे देख लिए और मुंह पर हाथ रख पहचान छिपाने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, वारदात से पूर्व उसने वहां लगे दोनों कैमरों को छत की ओर मोड़ कर उनकी दिशा बदल दी। इससे पहले वह कैमरे में कैद हो चुका था।