रेवाड़ी। शहर की टीपी स्कीम-9 में एक कारोबारी के घर दिनदहाड़े चोरी हो गई। परिवार के सदस्य जब बेडरूम में बैठकर चाय पी रहे थे, उसी दौरान एक युवक खुले मुख्य दरवाजे से घर में दाखिल हुआ और हॉल में रखा बैग व दो मोबाइल लेकर भाग गया। आरोपी की पूरी हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
टीपी स्कीम-9 निवासी दिनेश मदान ने गोकल गेट चौकी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 25 अगस्त को परिवार के सभी सदस्य घर पर मौजूद थे। वे बेडरूम में बैठकर चाय पी रहे थे। इस दौरान घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। हॉल में रखे बैग में करीब छह हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी, पैन कार्ड, आधार कार्ड और अन्य सामान था। वहीं पास में दो मोबाइल भी रखे हुए थे।
कुछ समय बाद परिवार के सदस्य हॉल में पहुंचे तो बैग और मोबाइल गायब मिले। इसके बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक युवक बाइक पर घर के सामने आता दिखाई दे रहा है। वह पहले कुछ देर रुककर आसपास का जायजा लेता है और फिर आगे चला जाता है।
इसके बाद आरोपी दो-तीन मकान आगे जाकर वापस आता है और घर के सामने बाइक खड़ी कर देता है। मुंह पर कपड़ा बांधे युवक खुले दरवाजे से अंदर प्रवेश करता है और कुछ ही सेकंड में बैग व मोबाइल उठाकर बाहर निकल जाता है। इसके बाद बाइक पर बैठकर भाग जाता है।
शिकायत के आधार पर शहर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है।