संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने विश्वविद्यालय की सुरक्षा, साफ-सफाई एवं प्रबंधन व्यवस्था का जायजा लिया।
कुलपति ने निर्माणाधीन इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम, आवासीय परिसर एवं अटल बिहारी वाजपेयी पुस्तकालय की स्थिति की जानकारी ली। पुस्तकालय भवन का विस्तार कार्य निर्माणाधीन है, जिसमें हो रही देरी पर कुलपति ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
कुलपति ने पुस्तकालय में विद्यार्थियों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों को जल्द से जल्द एवं पूर्ण निष्ठा के साथ पूरा करवाया जाए ताकि भविष्य में विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो।
उनके इस निरीक्षण के दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह, विश्वविद्यालय की इंजीनियरिंग शाखा के अधिकारी एक्सईएन एसके यादव, एसडीई सुरेंद्र सिंह, जेई अनिल नैन, सामान्य शाखा से उपकुलसचिव डॉ. नवीन पिपलानी एवं सहायक कुलसचिव डॉ. अंशु साथ रहे।