सम्मानित होने पर खुशी जाहिर करते विद्यार्थी। स्रोत : विवि
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग की तरफ से आयोजित समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को कुलपति ने सम्मानित किया। इस दौरान कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी एवं कुलसचिव कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह ने पौधरोपण किया।
वाणिज्य विभाग के विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए कॉमर्स क्लब-वाणिज्य दर्पण की ओर से अनेक गतिविधियां आयोजित की गई जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ सिक्योरिटी मार्केट के साथ संयुक्त रूप से विभाग द्वारा फाइनेंशियल लिटरेसी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन मार्च के महीने में किया गया था।
इसके विजेताओं में रीना प्रथम स्थान पर प्रिया चौहान दूसरे स्थान पर और मयंक तीसरे स्थान पर रहे जिन्हें कुलपति द्वारा सम्मानित किया गया।
पृथ्वी दिवस के उपलक्ष में अप्रैल माह में पोस्टर मेकिंग प्रतिस्पर्धा आयोजित की गई थी जिसमें विद्यार्थियों ने अपने पोस्ट के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसमें हिंदी विभाग की प्रिया प्रथम स्थान पर, हिंदी विभाग की तर्पणा द्वितीय स्थान पर और वाणिज्य विभाग से लक्ष्मी तृतीय स्थान पर रही जिन्हें भी कुलपति ने सम्मानित किया।
पर्यावरण संरक्षण की पहल के अंतर्गत ही एक स्लोगन लेखन प्रतिस्पर्धा आयोजित की गई जिसमें विभाग के शोधार्थी एवं छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इसमें मोनिका प्रथम स्थान पर भारतीय एवं ध्रुव द्वितीय स्थान पर तथा शीतल एवं दिशा तृतीय स्थान पर रहे ।
इस अवसर पर विभाग की तरफ से प्रसाद वितरण भी किया गया। कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों में भाग लेने से विद्यार्थियों के संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास होता है।