संवाद न्यूज एजेंसी
कोसली। लोक निर्माण विभाग कोसली ने कस्बे के साल्हावास रोड व नाहड़ की तरफ फ्लाईओवर के दोनों ओर बने सर्विस रोड पर अतिक्रमण को लेकर पैमाइश की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
राजस्व विभाग के गिरदावर बीर सिंह, हल्का पटवारी संजीव, लोक निर्माण विभाग के पटवारी संजय कुमार, रेलवे विभाग से महेश सैनी, डीएसपीएस सर्वेयर सुधीर कुमार की टीम ने पैमाइश की। अतिक्रमण वाले स्थानों को चिह्नित कर भूमि मालिकों की सूची बनाई गई है। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कस्बे में अतिक्रमण संबंधी शिकायतों के मद्देनजर पैमाइश करवाई जा रही है, अतिक्रमण पाए जाने वाले स्थानों के मालिकों या किरायेदारों को सूचना दे दी है, जिसकी रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। फिर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शहर के बीच जब से ओवरब्रिज बना है, क्षेत्र के लोगों के साथ व्यापारियों के लिए नई समस्या खड़ी हो गई है। कभी ओवरब्रिज के जगह जगह से टूट कर गिरने की शिकायत रही तो कभी भारी वाहनों के आवाजाही पर रोक लगा दी गई। अब जब ओवरब्रिज बनाने की प्रक्रिया दोबारा शुरू हुई तो पहले से बने ओवरब्रिज की चौड़ाई कम करने के साथ फुटपाथ ही खत्म कर दिया गया है।
वर्ष 2018 में इसे भारी वाहनों के लिए बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया। वर्ष 2023 में इसे दोबारा निर्माण के लिए तोड़ना शुरू किया गया। एक साल तक तोड़ने के बाद ठेकेदार ने ओवरब्रिज को बनाने की प्रक्रिया शुरू नहीं की। लोगों द्वारा बार बार सरकार से गुहार लगाने के बाद सितंबर में इसका कार्य धीमी गति से शुरू हुआ। ओवरब्रिज में पहले की चौड़ाई के साथ फुटपाथ भी बना हुआ था, लेकिन अब ओवरब्रिज की तीन फिट चौड़ाई घटा दी गई।
वर्जन:
ओवरब्रिज ने कोसली के व्यापार को ठप कर दिया। व्यापारी पलायन करने की सोच रहे हैं। जब से इसका निर्माण शुरू हुआ है विवादों में ही रहा है। चाहे इसके उद्घाटन की बात हो या इसमें निम्न स्तर के लगे सामग्री की। अब इसके निर्माण में कितना समय लगेगा कहा नहीं जा सकता है। व्यापारियों का व्यापार चौपट हो गया है। ना प्रशासन सुनने को तैयार हैं ना ही सरकार। -सुभाष गर्ग, प्रधान, व्यापार मंडल कोसली प्रधान
-
अतिक्रमण पाए जाने वाले स्थानों के मालिकों या किरायेदारों को सूचना दे दी है, जिसकी रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। कार्रवाई उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार अमल में लाई जाएगी।- वीरेंद्र सिंह, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी।