जीएलएस केमिकल कंपनी जिसमें लगी थी आग। संवाद
बावल। जीएलएस केमिकल कंपनी में हुए भीषण अग्निकांड के बाद अब पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। कंपनी परिसर और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हालात ऐसे हैं कि अंदर जाने से पहले मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।
आग के बाद फैक्टरी से उठ रही तेज केमिकल बदबू दूर-दूर तक फैल रही है जिससे आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कंपनी के पास से गुजरना भी मुश्किल हो गया है।
हवा में फैली केमिकल की दुर्गंध के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। प्रशासन और पुलिस की टीम लगातार मौके पर निगरानी बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
राहत एवं बचाव कार्य में लगी एनडीआरएफ की टीम वापस लौट चुकी है। इसके बाद अब कंपनी प्रबंधन ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। फैक्टरी परिसर में जले हुए मलबे को हटाने और अंदर फंसे सामान को बाहर निकालने का काम शुरू कर दिया गया है। भारी मशीनों की मदद से सफाई और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
हालांकि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है लेकिन कंपनी परिसर में अब भी सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। वहीं आसपास रहने वाले लोग वातावरण में फैली बदबू और प्रदूषण को लेकर चिंता जता रहे हैं।