फोटो 23- सोनीपत के खरखौदा में पिता के अंतिम संस्कार के बाद उनकी बलि दिए जाने के आरोप लगाता दुका
खरखौदा। लापता दुकानदार की हत्या के मामले में शनिवार को नया मोड़ आ गया। अंतिम संस्कार करने के बाद दुकानदार बालकिशन के बेटे गौरव ने उसके पिता की बलि दिए जाने का आरोप लगाया है।
गौरव का कहना है कि उनके पिता का धार्मिक स्थल पर रहने वाले महंत आचार्य राजकुमार तिवारी से कोई मेल- जोल नहीं था। वह खुद उसे नहीं जानते हैं। ऐसे में उन्हें आशंका है कि उनके पिता की हत्या बलि देने के लिए की गई है।
शहर के वार्ड-5 निवासी दुकानदार बालकिशन उर्फ बाले (67) वीरवार दोपहर तीन बजे घर से स्कूटी पर निकलने के बाद नहीं लौटे थे। शुक्रवार को उनका शव गोपालपुर मार्ग स्थित बाबा केसरमल बावरी धार्मिक स्थल पर मिला था।
बालकिशन के सिर पर ईंट से वार किए गए थे और गले को भी चाकू से काटा गया था। बालकिशन के शरीर पर लाल चुनरी भी रखी हुई थी। पुलिस ने शनिवार को दुकानदार के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
पिता के अंतिम संस्कार के दौरान बड़े बेटे गौरव ने कहा कि उनके पिता की बलि दी गई है। धार्मिक स्थल पर रहने वाले आचार्य राजकुमार तिवारी के साथ उनके पिता की पहले से कोई जान-पहचान नहीं थी। वह खुद भी उसे नहीं जानते हैं। ऐसे में उनके पिता के साथ कैसे वारदात को अंजाम दिया गया, उन्हें इसका पता नहीं। उनके पिता का शव वारदात को अंजाम देने के बाद लाल चुनरी से ढका गया था। परिवार ने मांग की है कि वारदात के पीछे जो भी लोग हैं, उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए।
स्कूटी व मोबाइल तलाश रही पुलिस : बालकिशन की स्कूटी और मोबाइल अभी तक नहीं मिला है। पुलिस उनको ढूंढने का प्रयास कर रही है। पुलिस आसपास के जिलों में भी स्कूटी को लेकर सूचना देगी, ताकि उसे जल्द बरामद किया जा सके।
फोटो 23- सोनीपत के खरखौदा में पिता के अंतिम संस्कार के बाद उनकी बलि दिए जाने के आरोप लगाता दुका