राजकीय विद्यालय का औचक निरीक्षण करते एसडीएम। स्रोत : प्रशासन
कोसली। एसडीएम विजय कुमार यादव ने गांव भुरथला के राजकीय उच्च विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ उप जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र यादव भी मौजूद रहे।
एसडीएम विजय कुमार यादव ने विद्यालय का निरीक्षण करते हुए सफाई प्रबंध, शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई के बारे में बातचीत की और अब तक करवाए गए पाठ्यक्रम से कुछ सवाल पूछे।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि शैक्षणिक कार्य में काफी सुधार की आवश्यकता है। क्लास में बच्चों को सिलेबस तो करवाया गया है, लेकिन उन्हें पाठ्यक्रम का अभ्यास कम करवाया गया।
एसडीएम ने स्कूल के मुख्याध्यापक विजय गुप्ता को निर्देश दिए कि सभी अध्यापक वर्तमान समय को ध्यान में रखते हुए अपने अध्यापन विषय की ताजा जानकारी रखें। केवल किताबी ज्ञान तक बच्चों को सीमित न रखा जाए।
उन्होंने विद्यालय में साफ-सफाई तथा मिड-डे मील का राशन उचित ढंग से रखने पर भी जोर दिया। एसडीएम ने कहा कि वे कुछ समय बाद दोबारा इस विद्यालय में आकर शिक्षा में हुई प्रगति के बारे में जानकारी लेंगे।
किसी कार्य में उदासीनता पाई गई तो फिर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने विद्यार्थियों को भी मन लगा कर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।