शहर के हुडा बाईपास पर राजेश पायलट चौक के समीप बुधवार रात करीब एक बजे एक चोर ने दो मोबाइल कंपनियों के कार्यालय सहित सात दुकानों में सेंध लगा दी। चोर एक लैपटाप व अन्य दुकानों से नकदी चोरी कर ले गया। चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुुसार राजेश पायलट चौक के समीप एयरटेल व आइडिया कंपनी के कार्यालय हैं। बुधवार की रात करीब एक बजे चोर एयरटेल कंपनी के कार्यालय का शटर उखाड़ कर अंदर घुस गया। चोर ने कार्यालय में रखे सामान को खंगाला, परंतु यहां से चोरी कुछ भी नहीं किया। इसके बाद आइडिया कंपनी के कार्यालय में घुस गया। यहां भी चोर ने कार्यालय में रखा सामान खंगाला तथा एक लैपटाप उठा कर अपने साथ ले गया। चोर यहीं नहीं रुका तथा दोनों कार्यालय के पास स्थित एक बुटीक में घुस गया। चोर ने बुटीक में रखे कपड़े बिखेर दिये तथा गल्ले में रखी करीब एक हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। इसके अतिरिक्त चोर ने तीन अन्य दुकानों व एक कार्यालय में भी सेंधमारी की। चोर यहां से भी गल्ले में रखी नकदी उठा ले गया। वीरवार की सुबह एक पैथ लैब संचालक सुभाष ने शटर उखड़े देख कर दुकानों को चोरी के बारे में सूचना दी। सूचना के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। चोरी करने का आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। चोर हाथ में टार्च लेकर सामान खंगालता हुआ दिखाई दे रहा है। सीसीवीटी फुटेज पुलिस को भी दी गई है। चोर का चेहरा फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।