संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। विद्यार्थियों को बचपन से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला पुलिस की ओर से 31 अगस्त को सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें जिले के स्कूल, कॉलेज और आईटीआई के करीब 1 लाख 63 हजार 546 विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।
पहले चरण की परीक्षा 31 अगस्त को होगी। विद्यार्थियों को चार वर्गों में बांटा गया है। इनमें तीसरी से पांचवीं, छठी से आठवीं, नौवीं से 12वीं कक्षा और कॉलेज स्तर के विद्यार्थी शामिल हैं।
डीएसपी ट्रैफिक पवन कुमार ने बताया कि शिक्षा विभाग के सहयोग से प्रतियोगिता कराई जाएगी। प्रश्नोत्तरी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शुरुआत से ही यातायात नियमों की जानकारी देना और उनकी पालना के लिए प्रेरित करना है। बचपन में सीखी गई अच्छी आदतें जीवनभर साथ रहती हैं।
इसी सोच के साथ पुलिस विभाग की ओर से प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डीएसपी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया कि वे सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों और मुख्य अध्यापकों को विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी कराने के निर्देश दें। साथ ही अधिक-से-अधिक विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।