रेवाड़ी। शहर की सैन्य विरासत को नई पहचान देने के उद्देश्य से रेजांगला वाॅर मेमोरियल परिसर के आसपास करीब 19.5 एकड़ क्षेत्र में रेजांगला मेमोरियल पार्क विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। पार्क को शहीदों की स्मृति, पर्यावरण संरक्षण और लोगों के मनोरंजन को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।
प्रस्ताव के अनुसार यह पार्क रेवाड़ी के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हो सकता है। योजना के तहत पार्क में मेमोरियल वॉक, साइकिल ट्रैक, रोज गार्डन, बच्चों के लिए आधुनिक प्ले एरिया, आउटडोर जिम, योग एवं रिफ्लेक्सोलॉजी जोन, एम्फीथिएटर, गेमिंग प्लाजा, पिकनिक लॉन और हेज मेज जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
पार्क में आकर्षक वाटर फाउंटेन, बैठने के लिए विशेष जोन, प्रकाश व्यवस्था और दिशा-निर्देश बोर्ड भी लगाए जाएंगे, जिससे आगंतुकों को बेहतर अनुभव मिल सके। परियोजना की सबसे खास विशेषता मेमोरियल पाथ होगी। इसमें रेजांगला युद्ध के 120 वीर जवानों की स्मृति में 120 स्तंभ स्थापित किए जाएंगे।
प्रत्येक स्तंभ के आधार पर शहीद जवानों के नाम अंकित किए जाएंगे ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके साहस और बलिदान को याद रख सकें। यह हिस्सा पार्क को केवल मनोरंजन स्थल ही नहीं बल्कि प्रेरणा और देशभक्ति का केंद्र भी बनाएगा।
पार्क में हरित क्षेत्र को विशेष महत्व दिया गया है। विभिन्न रंगों की थीम पर आधारित पौधारोपण किया जाएगा। स्थानीय और प्राकृतिक प्रजातियों के पेड़ों को प्राथमिकता देने के साथ कम पानी में विकसित होने वाले पौधों का चयन किया जाएगा। पक्षियों और तितलियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की भी योजना है।
रेजांगला पार्क विकास समिति के मुख्य संरक्षक परमात्मा शरण यादव ने बताया कि परियोजना साकार होने पर रेवाड़ी को एक ऐसा सार्वजनिक स्थल मिलेगा जहां लोग मनोरंजन के साथ इतिहास, प्रकृति और देशभक्ति का अनुभव भी कर सकेंगे।