रेवाड़ी। सुशासन और नागरिक केंद्रित शासन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रिफॉर्म उत्सव अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 25 दिसंबर सुशासन दिवस तक चार चरणों में आयोजित होगा।
उपायुक्त अभिषेक मीणा ने बताया कि पहले चरण जन मंथन के तहत 2 से 31 अक्तूबर तक पोर्टल के माध्यम से सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे। जनसभाओं, रैलियों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
दूसरे चरण विमर्श में 10 अक्तूबर से 30 नवंबर तक प्राप्त सुझावों की समीक्षा होगी। तीसरे चरण जन समाधान में 10 अक्तूबर से 20 दिसंबर तक त्वरित सुधार धरातल पर लागू किए जाएंगे। अंतिम चरण संकल्प सिद्धि 25 से 27 दिसंबर तक होगा। 25 दिसंबर को सुशासन दिवस पर लागू सुधारों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा तथा उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।