लगातार बारिश होने से गिरी बिछी बाजरे की फसल
- फोटो : mathura
कोसली। क्षेत्र में बीते दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश ने खेतों में पक कर तैयार खड़ी बाजरे की फसल को बिछा दिया है जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
किसान सुनील, राजवीर और रोशनलाल का कहना है कि तेज हवा के साथ लगातार हो रही बारिश के कारण बाजरे की फसल गिर गई है जिससे न केवल पैदावार में गिरावट आएगी बल्कि पशु चारे की भी कमी हो सकती है।
पिछले वर्ष किसानों को अच्छी पैदावार मिली थी और इस बार समय पर बारिश होने से बाजरे की लहलहाती फसल ने उम्मीदें और बढ़ा दी थीं। अब दो दिन से अनवरत हो रही वर्षा ने खेतों में तैयार खड़ी फसल को जमीन पर बिछा दिया है। इससे बाजरे की बालियां नमी में गलने की आशंका है।
किसान मानते हैं कि यह बारिश भूमिगत जलस्तर में गिरावट को थामने में मददगार साबित होगी लेकिन इससे वर्तमान फसल को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है।