रेवाड़ी। जिले के कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी कार्यालय 24 अकबर रोड पहुंचा। इस प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा से मुलाकात की और हाल ही में घोषित जिला अध्यक्षों की सूची पर नाराजगी जाहिर की।
20 वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिकायत करते हुए कहा कि जिला अध्यक्ष चयन की प्रक्रिया पारदर्शी नहीं रही और मेहनती व जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी चंडीगढ़ दौरे पर आए थे, तब उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा था कि जिला अध्यक्ष की ताकत बढ़ाई जाएगी और मेहनती कार्यकर्ताओं को नेतृत्व में स्थान मिलेगा।
इस मौके पर हरियाणा प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने सभी कार्यकर्ताओं की बातें ध्यान से सुनीं और कहा कि नियुक्तियां ऑब्जर्वरों द्वारा किए गए सर्वे के आधार पर हुई हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नियुक्त जिला अध्यक्षों की 6 महीने की परफॉर्मेंस की समीक्षा की जाएगी और यदि वे उम्मीदों पर खरे नहीं उतरते हैं, तो उन पर पुनर्विचार किया जा सकता है।
इस अवसर पर सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कार्यकर्ताओं से संयम रखने और एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख नेताओं में महेंद्र सिंह छाबड़ा, संजय यादव बहाला, ऋषि यादव, ओमप्रकाश डाबला, लवली यादव, कुलजीत यादव, दिनेश यादव, राजेंद्र देकेदार, रमेश ठेकेदार, भरत सिंह, सुनीता रंगा, चौधरी दलबीर सिंह, दिनेश आदि माैजूद रहे।