रेवाड़ी। पुलिस ने अगस्त में अपराधियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में साइबर ठगी के मामलों में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। दो पांच-पांच हजार रुपये के इनामी समेत 15 उद्घोषित एवं जमानत के बाद फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह कट्टे, एक देशी पिस्तौल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए। नशीली दवाओं की तस्करी के 17 मामलों में 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 480 नशीले कैप्सूल, 1185 गोलियां, 12.231 ग्राम स्मैक और 2.134 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
अवैध शराब के नौ मामलों में नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर 143.75 बोतल देशी शराब बरामद की गई। जुआ और सट्टा खाईवाली के नौ मामलों में आरोपियों से 13,980 रुपये बरामद हुए।
चोरी के मामलों में पुलिस ने तीन बाइक बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा गृहभेदन और चोरी के मामलों में अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 8.28 लाख रुपये से अधिक कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया। लापता 60 लोगों को तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया। इनमें 17 नाबालिग और 43 महिला-पुरुष शामिल रहे।