रेवाड़ी। होली पर लोग अपने घर जा रहे हैं। इसके चलते ट्रेनोें और बसों में यात्रियों की भीड़ बढ़ी है। बुधवार को रेवाड़ी रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी यात्रियों की भीड़ दिखी। बावल से रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने आए मुकेश ने बताया कि उसे पटना के लिए जाना है। ट्रेन में इतनी ज्यादा भीड़ है कि पैर रखने तक की भी जगह नहीं मिल रही है। धारूहेड़ा से रेवाड़ी स्टेशन पर आए राजू ने बताया कि उसे लखनऊ जाना है, मगर स्थिति इतनी खराब है कि जनरल डिब्बे में पैर रखने तक की भी जगह नहीं है। जनरल डिब्बों की संख्या बढ़ानी चाहिए।
बस और ट्रेनों में यात्रियों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। जहां जनरल टिकट रोजाना 8 हजार से लेकर 9 हजार कटा करती थी, अब इसकी संख्या बढ़कर 12 हजार से लेकर 13 हजार के आसपास पहुंच चुकी है।
ट्रेनों में रोजाना करीब 38 हजार से लेकर 40 हजार यात्री सफर करते थे, अब इसकी संख्या बढ़कर 48 हजार से 50 हजार हो चुकी है। इसी तरह बसों में रोजाना करीब 18 से 20 हजार यात्री सफर करते थे, अब इनकी संख्या बढ़कर 25 हजार से लेकर 27 हजार पहुंच चुकी है। वीरवार को रेलवे स्टेशन पर भीड़ रहेगी।