धारूहेड़ा में बना नया फायर स्टेशन। संवाद
धारूहेड़ा। औद्योगिक क्षेत्र में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से 47.10 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए अग्निशमन कार्यालय भवन का उद्घाटन सोमवार की सुबह 9 बजे रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव करेंगे।
अग्निशमन भवन में अग्निशमन विभाग के संचालन के लिए आवश्यक सुविधाओं के साथ पब्लिक हेल्थ, इलेक्ट्रिक इंस्टॉलेशन, बाउंड्रीवॉल एवं अन्य सहायक निर्माण भी किए गए हैं। रेवाड़ी फायर स्टेशन अधिकारी नीतीश भारद्वाज और धारूहेड़ा फायर ब्रिगेड कार्यालय इंचार्ज देशराज यादव ने नए भवन का निरीक्षण किया था।
इस भवन के निर्माण के लिए 25 नवंबर 2021 को टेंडर जारी किया गया था, जबकि टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2021 निर्धारित की गई थी। अब निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भवन को अग्निशमन विभाग के उपयोग के लिए शुरू किया जा रहा है। धारूहेड़ा में औद्योगिक इकाइयों, रिहायशी सोसायटियों, कॉलोनियों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी इसी फायर स्टेशन पर रहेगी। नए भवन के शुरू होने से आगजनी की घटनाओं में त्वरित प्रतिक्रिया देने में मदद मिलेगी और अग्निशमन कर्मियों को भी बेहतर कार्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
फायर अधिकारी नीतीश भारद्वाज ने बताया कि नए अग्निशमन भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा चुकी हैं और सोमवार को भवन का उद्घाटन कर इसे विभागीय उपयोग के लिए शुरू किया जाएगा। इससे धारूहेड़ा और आसपास के क्षेत्रों में अग्निशमन सेवाएं और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ होंगी।