गांव बखापुर में योजनाओं के बारे में जागरूक करते बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार। स्रोत: प्रशासन
बावल। विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने वीरवार को गांव चलो, बस्ती चलो अभियान के तहत गांव बखापुर में पहुंचकर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। गांव पहुंचने पर ग्राम पंचायत और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। किसान, मजदूर, युवा और महिलाएं देश की ताकत हैं और सरकार उनकी भलाई के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि हर घर तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं समझना और उनका समाधान करना इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम फसल बीमा योजना, ड्रोन दीदी, लखपति दीदी और हर घर जल जैसी योजनाएं चल रही हैं। इनका लाभ उठाना चाहिए।
विधायक ने रेवाड़ी स्थित अपने कार्यालय में जनसुनवाई भी की। उन्होंने आसपास के गांवों से आए लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि अधिकारी शिकायतों का प्राथमिकता से निपटारा करें, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।