बावल। बाइक सवार बदमाशों ने सोमवार की रात नंगल शाहबाजपुर गांव के खाटू श्याम मंदिर के पास निजी कंपनी के कर्मचारी से 46 हजार रुपये लूट लिए। इस दौरान लुटेरों ने उसे बाजरे के खेत में ले जाकर पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। साथ ही उसकी गाड़ी को भी आग लगा दी। वह ड्यूटी खत्म करके घर लौट रहा था। बावल थाना पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बावल के गांव नांगल शहबाजपुर निवासी रमेश कुमार एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। वह ड्यूटी करके सोमवार की रात12 बजे अपनी लोडिंग टैंपो लेकर साथी विक्रम सिंह के साथ घर के लिए निकला था। विक्रम को उन्होंने बावल के ओम शांति केंद्र के पास उतार दिया। इसके बाद वह अपने गांव की तरफ जा रहा था। रास्ते में बावल के खाटूश्याम मंदिर के पास पीछे से एक बाइक पर तीन युवक आए और गाड़ी को रोकने का इशारा किया, लेकिन उसने गाड़ी नहीं रोकी। करीब 2 किलोमीटर आगे चलकर नांगल शहबाजपुर टी-प्वॉइंट से पहले बाइक सवार तीनों युवकों ने गाड़ी को रोक लिया।
गाड़ी रुकते ही एक बदमाश ने चाबी छीन ली और दो अन्य ने उसे गाड़ी से उतारकर घसीटते हुए बाजरे के खेत में ले गए। इस दौरान बदमाशों ने उसकी पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। एक बदमाश ने गाड़ी की दोनों सीट के बीच में बनवाई हुई छोटी सीट के अंदर रखे 46 हजार रुपये लूट लिए। यह पैसे उसने गाड़ी की बॉडी बनवाने के लिए रखे थे।
इसके बाद बदमाशों ने उसकी गाड़ी को आग लगा दी। रमेश रातभर बेहोशी की हालत में बाजरे के खेत में पड़ा रहा। मंगलवार की सुबह किसी ने उसे देखा और संभाला। फिर उसने परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने उसे पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना बावल थाना पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ लूट का केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
--------------
वर्जन :
मामले में पीड़ित से ही गहनता से पूछताछ की जाएगी। उसके बाद मामले जो सच्चाई सामने आएगी, उसके अनुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- विद्या सागर, थाना प्रभारी, बावल।