रेवाड़ी। जिले में रविवार को सुबह से मौसम साफ रहा रहा लेकिन न्यूनतम तापमान गिरकर 1.2 डिग्री सेल्सियस पहुंचने और सर्द हवा चलने से ठंड बढ़ गई जिससे लोगों को परेशान होना पड़ा। धूप होने के बाद भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शनिवार को अधिकतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। इस तरह एक ही दिन में न्यूनतम तापमान में 4.3 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई है। तापमान में आई इस अचानक गिरावट से सुबह और रात के समय ठंड का असर और अधिक बढ़ गया है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बीते कुछ दिनों में मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिला है। शुक्रवार को पूरे दिन रूक-रूक कर हुई बारिश के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई थी।
बारिश के बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। इससे एक दिन पहले वीरवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
कुल मिलाकर, मौसम में आए इस अचानक बदलाव ने आम जनजीवन को भी प्रभावित किया है। सुबह-शाम की ठंड के कारण लोग अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं, वहीं किसान भी मौसम पर नजर बनाए हुए हैं। आने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलने की संभावना फिलहाल कम ही जताई जा रही है।
अधिकतम एक्यूआई 106 दर्ज किया गया
मौसम में बदलाव के चलते हवा की गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला है। रविवार को अधिकतम एक्यूआई 106 दर्ज किया गया, जबकि शनिवार को यह 184 था। बारिश के कारण वातावरण में मौजूद धूल, धुएं और अन्य प्रदूषक तत्व धुल गए, जिससे हवा अपेक्षाकृत साफ हो गई।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 29 जनवरी तक मौसम में बदलाव बना रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव क्षेत्र में रहेगा जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा। 27 और 28 जनवरी को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी या हल्की बारिश भी हो सकती है। इससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है। आने वाले दिनों में हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।