रेवाड़ी। शहर के एक ज्वैलर्स पर नकली सोना देने का आरोप लगाते हुए मंगलमुखी लोगों ने एक शोरूम के बाहर जमकर हंगामा किया। बीच बाजार सड़क पर लेटकर उन्होेंने ज्वेलर पर नकली सोना देने का आरोप लगाकर नारेबाजी भी की। सूचना के बाद भाड़ावास गेट चौकी पुलिस पहुंची। हालांकि अभी पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
मंगलमुखी लोगों ने बताया शहर की कुंज गली के निकट सुबह के समय उनकी प्रधान रुकसार के नेतृत्व में वे काफी संख्या में एकत्रित हुए। उनके बीच से पूजा ने आरोप लगाया कि उन्होंने एक ज्वेलर से एक दिन पहले सोना खरीदा था। उन्हें सोने की अंगूठी एक गरीब लड़की की शादी में देनी थी। आरोप है कि लैब में जांच कराने पर उन्हें पता चला कि ज्वेलर ने 22 कैरेट सोना बताकर उसे 75 प्रतिशत सोना दिया है। मंगलमुखी सपना का कहना है कि वे पहले भी इसी ज्वेलर से सोना खरीदती रही हैं। हॉल मार्क का सोना बताकर उनके साथ धोखा किया जा रहा है। करीब 10 मिनट तक काफी मंगलमुखी ज्वेलर के शोरूम के सामने सड़क पर लेटी रहीं। उन्होंने ज्वेलर के खिलाफ नारेबाजी की और उस पर नकली सोना देने का आरोप भी लगाया। वहीं ज्वेलर ने खुद पर लगे आरोपों को सिरे से नकार दिया है। भाड़ावास गेट पुलिस चौकी इंचार्ज नरेंद्र ने बताया कि उनके पास किसी तरह की कोई शिकायत नहीं आई है। अगर शिकायत मिलती तो कार्रवाई करेंगे।