मुख्य अतिथि डॉ. करण सिंह को किताब भेंट करतीं प्राचार्य प्रो. कविता गुप्ता। स्रोत : कॉलेज
रेवाड़ी। किशन लाल पब्लिक कॉलेज में आईक्यूएसी एवं रिसर्च सेल के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का समापन हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. करण सिंह ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सपना नहीं बल्कि ठोस रणनीति है जिसके दो प्रमुख स्तंभ जीडीपी और युवा शक्ति हैं।
इसके बाद मलेशिया से जुड़े डॉ. पी. गोविंदराजू ने बहु-विषयक शोध, नवाचार और वैश्विक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। सम्मेलन संयोजक डॉ. अनुराधा दीपक ने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच शोधार्थियों को वैश्विक स्तर पर विचार साझा करने का अवसर देते हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न तकनीकी सत्रों का आयोजन किया गया जिसमें शोधार्थियों ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। पहले दिन 9 और दूसरे दिन 10 तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। समापन सत्र में प्रो. अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि ऐसे सम्मेलन विद्यार्थियों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्य अतिथि डॉ. नरेश कौशिक ने भी विद्यार्थियों को शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कॉलेज प्राचार्य प्रो. कविता गुप्ता ने कहा कि यह सम्मेलन विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को मजबूत करने में सहायक साबित होगा। अंत में आयोजन सचिव राकेश कुमार ने रिपोर्ट प्रस्तुत की और डॉ. दिनेश कुमार ने प्रस्ताव दिया।