कोसली। गौ रक्षा दल ब्लॉक नाहड़ की टीम ने लंपी बीमारी से पीड़ित बछड़े का रेस्क्यू किया। बछड़े के शरीर पर लंपी के कारण फोड़े-फुंसियां थीं और उसे 106 डिग्री फारेनहाइट तेज बुखार था। स्थिति गंभीर होने के कारण टीम ने बिना देरी किए बछड़े को अपने बाड़े में पहुंचाया और तत्काल इलाज शुरू किया। सूचना लख्खन मोहल्ला से राकेश ने की थी।
टीम सदस्य मोहित यादव ने बताया कि बाड़ा कोसली स्थित सरकारी अस्पताल के पीछे टीम के सदस्य के प्लाॅट में बनाया गया है। यहां बछड़े का निशुल्क उपचार और देखभाल की जा रही है। टीम के सदस्यों ने बताया कि बछड़े के पूरी तरह स्वस्थ होने तक उसका उपचार और सेवा लगातार निशुल्क जारी रहेगी।
गौ रक्षा दल ब्लॉक नाहड़ की टीम के अनुसार वह पिछले काफी समय से लंपी से पीड़ित कई गोवंश का उपचार कर उन्हें स्वस्थ कर चुकी है। टीम ने बताया कि पिछले करीब पांच वर्षों में बीमार, घायल, दुर्घटनाग्रस्त और बेसहारा गोवंश सहित अन्य बेजुबान पशुओं की निशुल्क सेवा की जा रही है। इस दौरान टीम 4500 से अधिक पशुओं की सेवा कर चुकी है।