रेवाड़ी। प्रदेश की हाईटेक मानी जाने वाली जिला जेल रेवाड़ी की सुरक्षा व्यवस्था के दावों की दो युवा हवालातियों की दोस्ती ने धज्जियां उड़ा दी। उत्तर प्रदेश के जिला रामपुर के टांडा निवासी फैजान (25 वर्ष) और इटावा के मोहल्ला मकसूदपुरा निवासी जाहिद की जेल से फरारी ने जेल के इतिहास में बड़ी चूक का इतिहास लिख दिया है।
दोनों जेल में एक प्रदेश के होने के चलते दोस्त बन गए थे और मिलकर फरार होने की योजना बना रहे थे। 27 मार्च को अखिरकार दोनों जेल के सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर 20 फीट की दीवार फांदकर फरार हो गए। जेल में चल रहा निर्माण कार्य भी आरोपियों के काम आया।
दोनों ने वहां पड़ी दो लकड़ियों की सीढ़ियों को आपस में जोड़कर 20 फीट की दीवार फांदी। जेल से दोनों जिस दीवार को फांदकर भागे उस जगह खेत ही खेत हैं और दीवार से करीब 250 मीटर आगे रेवाड़ी-दिल्ली हाईवे है। शहर से बाहर होने के बावजूद जेल का हाइवे के नजदीक होना आरोपियों के फरार होने में मददगार साबित हुआ।
हाइवे पर नियमित ऑटो और अन्य वाहन आसानी से मिल जाते है। आरोपी जेल से निकलने के बाद खेतों के रास्ते से हाइवे पहुंचे और वहां से व्हीकल में सवार होकर यूपी चले गए।
सहायक जेल उप अधीक्षक मुस्ताक अहमद ने दी शिकायत
सहायक जेल उप अधीक्षक मुस्ताक अहमद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 मार्च को उनके पास जेल का कार्यभार था। शाम को जब जेल में गिनती की गई तो दो बंदी कम मिले। जांच पर पता चला कि फैजान और जाहिद जेल से गायब हैं। हालांकि पुलिस ने दोनों को 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। सात कर्मचारी सस्पेंड किए गए हैं। जून 2025 को फिदेड़ी गांव में 95 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस हाईटेक जेल परिसर का उद्घाटन किया गया था।
संपर्क सूत्रों को निगरानी में रख पहुंचे आरोपी तक
दोनों आरोपियों ने हरियाणा में कई ऑनलाइन फ्रॉड किए थे इसके चलते पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था। ऐसे में पुलिस के पास इनकी सारी डिटेल थी। ये कहां के रहने वाले हैं और किससे संपर्क कर सकते हैं। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए उनके संपर्क सूत्रों को अपनी निगरानी में लिया। जैसे ही दोनों ने उनसे संपर्क किया तो पुलिस भी पीछा करते हुए उन तक पहुंच गई।
दोनों ऑनलाइन फ्रॉड करने के माहिर
यूपी के रहने वाले इन दोनों बंदियों में कई बातें एक जैसी हैं। एक तो दोनों ऑनलाइन फ्रॉड करने के माहिर हैं दूसरी एक ही राज्य के रहने वाले और तीसरी हम उम्र हैं। इसी वजह से दोनों दोस्त बने। ये पिछले कुछ दिन से भागने की योजना बना कर रहे थे। जेल की हर दीवार और बाउंड्री की ऊंचाई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे थे। दोनों को पता था कि जेल में कंस्ट्रक्शन चल रहा है यहीं उनके भागने में मदद करेगा। इसके बाद मौका मिलते ही ये भाग निकले।
आरोपी जाहिद