फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: देवउठनी एकादशी पर लौटेगी रौनक, कपड़ा बाजारों में बढ़ी चहल-पहल

विज्ञापन
विज्ञापन
रेवाड़ी। देवउठनी एकादशी नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक लौट आई है। शहनाइयों के मौसम से पहले ही कपड़ा बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। महिलाएं और युवतियां शादी-ब्याह के कपड़ों की खरीदारी में व्यस्त हैं। वहीं दुकानदारों ने ग्राहकों की पसंद को देखते हुए नया और आकर्षक स्टॉक तैयार कर लिया है।
विज्ञापन

व्यापारी दीपक सैनी और लक्ष्मी यादव ने बताया कि देवउठनी एकादशी से विवाह समारोहों की शुरुआत होती है इसलिए लोग नए कपड़ों, साड़ियों, सूटों और शेरवानी सहित शादी-ब्याह से जुड़ी चीजों की खरीदारी में जुट गए हैं।
इस बार फैशन में पारंपरिक और आधुनिकता का सुंदर मेल देखने को मिल रहा है। पहले जहां महिलाएं भारी पारंपरिक साड़ियों को प्राथमिकता देती थीं। वहीं अब उनका रुझान हल्के और स्टाइलिश डिजाइनर सूट की ओर बढ़ गया है।
विज्ञापन

बाजार में प्लाजो सूट, शरारा सूट और गोटा-पट्टी या जरी वर्क वाले भारी सूट खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। युवा महिलाएं हल्के और मॉडर्न डिजाइन वाले सूट खरीद रही हैं जबकि विवाहित महिलाएं पारंपरिक हैंडवर्क और एथनिक टच वाले कपड़ों को प्राथमिकता दे रही हैं।

साड़ियों में जयपुरिया और जॉर्जेट की मांग
इस बार साड़ियों की बिक्री में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। दुकानदारों का कहना है कि जॉर्जेट और सिल्क साड़ियां सबसे ज्यादा बिक रही हैं। हल्के वजन की जॉर्जेट साड़ियां युवतियों की पहली पसंद बनी हुई हैं जबकि जयपुरिया और सिल्क साड़ियों को बड़ी उम्र की महिलाएं ज्यादा पसंद कर रही हैं। विशेष रूप से रेड और मैजेंटा कलर की जयपुरिया साड़ियां इस बार बाजार में खूब चल रही हैं।

कढ़ाई और हैंडवर्क वाले कपड़ों का जलवा
देवउठनी एकादशी के मौके पर कढ़ाई, जरी वर्क और मिरर वर्क वाले कपड़े ग्राहकों को खूब लुभा रहे हैं। दुकानों पर हाथ की कढ़ाई और पारंपरिक डिजाइनों का सुंदर संग्रह देखने को मिल रहा है। कई दुकानदारों ने विशेष ऑफर भी शुरू किए हैं ताकि अधिक से अधिक ग्राहक खरीदारी कर सकें। व्यापारियों का कहना है कि पिछले महीनों में सुस्ती रही थी लेकिन देवउठनी एकादशी से शुरू हो रहे विवाह सीजन से कारोबार में नई जान आएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें