बावल (रेवाड़ी)। हरियाणा के सहकारिता व जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डाॅ. बनवारी लाल क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र सीसीएस एचएयू बावल में आयोजित हरियाणा राज्य स्तरीय सहकारी दिवस समारोह-2023 में शामिल हुए। यहां उन्होंने कहा कि जो गन्ना उत्पादक अपने बांड का 85 फीसदी गन्ना मिल में गिराएगा उन्हें 30 प्रतिशत कम कीमत पर एक क्विंटल चीनी दी जाएगी। हरियाणा में अब हर गांव में अधिक से अधिक सहकारी समिति शुरू की जाएंगी। खेती के साथ-साथ किसान अब दुकान से लेकर पेट्रोल पंप तक खोल सकेंगे। सभी समितियां अपने स्तर पर अपने तंत्र में आमूल-चूल परिवर्तन करने जा रही हैं। प्रदेश में रोजगार सृजन के लिए युवाओं को वीटा के बूथ दिए जाएंगे। इसके अलावा हैफेड के माध्यम से सस्ते फूड आइटम सीधे उपभोक्ताओं तक पैक्स के जरिए पहुंचाए जाएंगे।
सीजनल कर्मचारियों के लिए की बड़ी घोषणा
मंत्री बनवारी लाल ने भूना व सिरसा सहकारी चीनी मिलों में समायोजित सीजनल कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा की। अब इन कर्मचारियों को अंतरिम राहत प्रदान करने के लिए शुगरफेड कार्यालय की ओर से जारी वेतन कटौती के आदेशों को वित्त विभाग की मंत्रणा आने के बाद वापस ले लिया गया है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि हाउसफेड की ओर से एकमुश्त निपटान योजना के तहत सभी ऋणी सदस्यों को अपने लोन पर ब्याज की अदायगी करने पर दंडात्मक ब्याज माफ करने का मामला प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अनुमोदित कर दिया है। इसे जल्द ही लागू कर दिया जाएगा।