नाहड़ में श्मशान घाट के ऊपर से गुजर रही बिजली की तार।
कोसली। नाहड़ में श्मशान घाट के ऊपर से गुजरती बिजली की तारों की वजह से हादसे का डर बना हुआ है। दरअसल, बिजली की तार काफी ढीली हो चुकी हैं। लंबे समय से व्यवस्था को ठीक करवाने की मांग की जा रही है। उसके बाद भी कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। यहां पर आए लोगों को डर बना रहता है कि कहीं कोई बड़ा हादसा ना हो जाए, क्योंकि तार इतनी ज्यादा ढीली हो चुकी हैं कि कभी भी यहां पर अनहोनी हो सकती है। नाहड़ गांव के पूर्व सरपंच और माता मसानी कमेटी के प्रधान प्रदीप शेखावत ने ग्रामीणों की समस्या डीएचबीवीएन नाहड़ के अधिकारियों से मिलकर हटाने या ठीक करवाने की मांग की थी। लोगों का कहना है कि यहां पर बड़ी संख्या में लोग आते-जाते रहते हैं, जिस तरह से यहां पर तार ढीली देखने को मिल रही हैं, लोग हमेशा डरे सहमे रहते हैं।
टूटी पानी की टंकी को करवाया ठीक
दूसरी ओर वन विभाग की ओर से सूखे पेड़ों को काटते समय श्मशान घाट की टूटी पानी की टंकी व मेन गेट को ग्राम पंचायत की ओर से ठीक करवाए जाने पर ग्रामीणों ने पंचायत का धन्यवाद किया है। साथ ही कहा है कि गर्मी के मौसम में मेन रास्ते पर बनी पानी की टंकी टूटने के कारण पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया था। उसे पंचायत की ओर से ठीक करवाकर पुण्य का काम किया गया है।
समस्या से निगम अवगत है। इसका जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा।
महेंद्र सिंह, जेई, नाहड़ सर्कल, डीएचबीवीएन