संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-49 पर पवटा के नजदीक हुए सड़क हादसे में रोडवेज की किलोमीटर स्कीम की बसों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसे देखते हुए अब रोडवेज विभाग किलोमीटर स्कीम की बसों के चालकों का टेस्ट लेगा।
किलोमीटर स्कीम की बसों में तकनीकी खराबी भी कई बार सामने आ चुकी है। अब हादसे के बाद फिर से यात्रियों की सुरक्षा सवालों के घेरे में है। मगर अभी तक रोडवेज की तरफ से किसी प्रकार का कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
रोडवेज विभाग का इतना ही कहना है कि यह बसें एक कंपनी के ठेकेदार के अंडर में आती हैं। जहां तक सवाल चालकों का है तो उनके लाइसेंस की जांच की जाती है। इधर, लगातार होने वाले हादसों को लेकर रोडवेज यूनियन का कहना है कि अनुभवहीन चालकों की वजह से यह हादसे हो रहे हैं। रोडवेज के जीएम प्रदीप का कहना है कि किलोमीटर स्कीम की बसों के चालकों का टेस्ट लिया जाएगा। जो टेस्ट में पास होगा उसी को रखा जाएगा।