रेवाड़ी। दिवाली पर इस बार जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बिजली कटौती की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। त्योहार के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजली निगम ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। औद्योगिक इकाइयां बंद रहने के कारण बिजली की मांग में 35 से 40 प्रतिशत तक गिरावट आने का अनुमान है। इससे ग्रिड, ट्रांसफार्मरों और बिजली लाइनों पर दबाव कम रहेगा और घरेलू उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली मिल सकेगी।
रेवाड़ी जिले में रोजाना औसतन 72 लाख यूनिट बिजली की खपत होती है। इसमें करीब 47 लाख यूनिट अकेले बावल और धारूहेड़ा के औद्योगिक क्षेत्रों में खर्च होती हैं। यानी जिले की कुल बिजली खपत का लगभग 65 प्रतिशत हिस्सा उद्योगों में इस्तेमाल होता है।
दिवाली पर फैक्ट्रियां और औद्योगिक प्रतिष्ठान बंद रहने से औद्योगिक लोड में भारी कमी आएगी। सामान्य दिनों में 47 लाख यूनिट रहने वाली औद्योगिक खपत घटकर 17 से 20 लाख यूनिट के आसपास रहने का अनुमान है।
तीन दिन की बिजली खपत का रिकॉर्ड : जिले में 3 नवंबर को 70.10 लाख, 4 नवंबर को 73.46 लाख और 5 नवंबर को 72 लाख, 6 नवंबर 73 लाख यूनिट बिजली की खपत दर्ज की गई।
लोड कम होने से ट्रिपिंग की आशंका भी घटेगी
औद्योगिक लोड में 27 से 30 लाख यूनिट तक की कमी आने से जिले की कुल बिजली खपत 40 से 45 लाख यूनिट के बीच रहने की संभावना है। इससे सब-स्टेशनों और ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ेगा। सामान्य दिनों में अधिक लोड के कारण होने वाली ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और तकनीकी फॉल्ट की आशंका भी कम रहेगी। निगम के अनुसार, जरूरत पड़ने पर औद्योगिक फीडरों की उपलब्ध क्षमता का बेहतर प्रबंधन कर घरेलू आपूर्ति सुचारु रखी जाएगी।
आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें तैनात
एचवीपीएन के एक्सईएन संजय यादव ने बताया कि दिवाली पर फैक्ट्रियां बंद रहने से औद्योगिक लोड काफी कम हो जाएगा। कुल खपत 72 लाख यूनिट से घटकर 40 से 45 लाख यूनिट तक रहने का अनुमान है। इससे बिजली ग्रिड और लाइनों पर दबाव कम रहेगा। सभी क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति के इंतजाम किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें भी तैनात रहेंगी।
दीपावली पर्व को लेकर बावल चौक के पास सजाया गया मंदिर। संवाद
दीपावली पर्व को लेकर बावल चौक के पास सजाया गया मंदिर। संवाद