रेवाड़ी। सीबीएसई ने मंगलवार को 10वीं और 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित किया। इस बार 12वीं कक्षा में 95.86% परिणाम के साथ जिले ने हरियाणा में टॉप किया है। 4812 लड़कों और 3512 लड़कियों ने परीक्षा दी थी। इसमें से 4543 लड़कों और 3460 लड़कियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। इस बार लड़कियों ने बाजी मारी है।
कुल विद्यार्थियों की संख्या 7950 रही। लड़कों का पास प्रतिशत 94.74 और लड़कियों का पास प्रतिशत 97.40 है। पिछले वर्ष भी 95.29% के साथ जिले ने टॉप किया था। 8 हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया था। 7999 बच्चों ने परीक्षा दी और 7622 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए थे।
विज्ञापन
परीक्षा के परिणाम का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था। परीक्षा परिणाम आने के बाद विद्यार्थियों ने भी राहत की सांस ली है। इस दौरान स्कूलों में पास होने वाले विद्यार्थियों को बधाई देने के लिए शिक्षकों ने कार्यक्रमों का भी आयोजन किया और एक दूसरे का मुंह मीठा करवाया।
सीबीएसई के जिला कोऑर्डिनेटर बिक्रम ने बताया कि रेवाड़ी का परिणाम काफी अच्छा आया है, जोकि काफी खुशी की बात है। इस बार पेपर भी काफी अच्छे ढंग से हुए थे। किसी भी प्रकार का नकल का भी केस सामने नहीं आया था। ऐसे में रेवाड़ी का परिणाम अच्छा आना दुरुस्त व्यवस्था को दर्शाता है।