रेवाड़ी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में दाखिला लेने की चाह रखने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने पांचवें चरण की काउंसिलिंग के बाद भी खाली रह गई सीटों को भरने के लिए ऑन द स्पॉट काउंसिलिंग और दाखिला प्रक्रिया को 30 अगस्त तक बढ़ा दिया है।
इस दौरान इच्छुक विद्यार्थी विभागीय पोर्टल पर दोबारा ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के बाद विद्यार्थी अपना मेरिट कार्ड डाउनलोड कर संबंधित आईटीआई में जमा करवाएंगे। संस्थान प्राप्त आवेदनों के आधार पर मेरिट सूची तैयार कर रिक्त सीटों पर दाखिला देंगे।
विभाग ने 8 जुलाई से आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया शुरू की थी जिसमें पांच चरणों में ऑनलाइन काउंसिलिंग आयोजित की गई थी। इसके बावजूद लगभग 20 प्रतिशत सीटें अब भी खाली हैं। विशेष कोर्सों में अधिकांश सीटें पहले ही भर चुकी हैं जबकि कुछ ट्रेड में अब भी लगभग 50 प्रतिशत सीटें रिक्त हैं।
सरकारी और निजी आईटीआई संस्थानों में अब इन सीटों को ऑन द स्पॉट मेरिट के आधार पर भरा जाएगा। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभाग ने अवकाश के बावजूद शनिवार को भी ऑन द स्पॉट दाखिले की व्यवस्था की है। विभाग ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन कर प्रवेश प्रक्रिया का लाभ उठाएं।
आईटीआई में रिक्त सीटों की भरमार
रेवाड़ी स्थित महिला आईटीआई की बात करें तो कुल 280 में से 178 सीटें अब भी खाली हैं। कॉस्मेटोलॉजी ट्रेड में 48 में से 46 सीटें खाली हैं जबकि ड्रेस मेकिंग में 40 में से 28, कंप्यूटर ऑपरेटर में 22 और कढ़ाई एवं सुई कार्य में 17 सीटें अब तक भर नहीं पाई हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक जैसे तकनीकी कोर्स में भी 24 में से 23 सीटें खाली हैं जो तकनीकी शिक्षा में रुचि की कमी को दर्शाता है। वहीं बाल आईटीआई में कुल 608 सीटों में से 329 सीटें अब भी रिक्त हैं। हाउस कीपर कोर्स की सभी 24 सीटें खाली हैं। वहीं वेल्डर, प्लंबर, स्टेनोग्राफर, टूल एंड डाई मेकर और तकनीशियन पावर इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम जैसे कोर्सों में आधे से ज्यादा सीटें अब तक भर नहीं पाई हैं। कई कोर्सों में स्थिति बेहद चिंताजनक है। स्टेनोग्राफर एससीवीटी (हिंदी) में 24 में से 23 सीटें, और टूल एंड डाई मेकर में 24 में से 23 सीटें रिक्त हैं।
वर्जन
अब 30 अगस्त तक दाखिले के लिए पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। रोज दोपहर 12 बजे तक प्राप्त मेरिट कार्ड की मेरिट लिस्ट तैयार कर उसी के आधार पर रिक्त सीटों पर दाखिले दिए जाएंगे। -सुरेंद्र सिंह, प्राचार्य, राजकीय महिला आईटीआई संस्थान, रेवाड़ी।