संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। नगर परिषद ने 15 मार्च को हुई सदर की बैठक में सर्वसम्मति से पास हुए 5 एजेंडों की फाइल मंजूरी के लिए मुख्यालय भेज दी है। इन एजेंडों में शहर के कई चौक के नाम बदलने, राव तुला राम पार्क में राव तुलाराम की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव भी शामिल है।
शहर की जिन सड़कों व चौक का नाम बदलने के लिए नगर परिषद ने मुख्यालय को फाइल भेजी है, उनमें सर्कुलर रोड का नाम बदलकर अमर शहीद राव तुलाराम मार्ग करने, चौधरी रणबीर हुड्डा चौक से राव अभय सिंह चौक होते हुए झज्जर रोड तक (हुडा बाईपास) का नाम पूर्व मुख्यमंत्री राव बिरेंद्र सिंह पर करने का प्रस्ताव है।
इसी प्रकार दिल्ली रोड पर एनएच 71 फ्लाईओवर के पास नगर परिषद की सीमा पर चौक का नाम गोरक्षक देवेंद्र यादव उर्फ सोनू सरपंच के नाम करने, राव तुलाराम पार्क में पुलिस चौकी और राव तुलाराम की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है। नगर परिषद के अधिकारियों का कहा है कि एजेंडों को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
ये मुद्दे रह गए थे लंबित : मोहल्ला बंजारवाड़ा का नाम बदलकर होहल्ला धर्मपुरा रखने, होहल्ला सैय्यद सराय का नाम बदलकर कर्मपुरा और मोहल्ला कुतुबपुर का नाम बदलकर हेमचंद्र विक्रमादित्य नगर रखने पर चर्चा हुई थी। मगर सहमति नहीं बन पाई थी।
नगर परिषद की बैठक में वार्ड नंबर 5 के पार्षद लोकेश यादव ने शहर में बेसहारा पशुओं, कुत्तों और बंदरों की संख्या पर अंकुश लगाने की मांग की गई थी। इस पर कार्य शुरू नहीं हो पाया है। कुत्तों की बढ़ती संख्या से लोग परेशान हैं। बेसहारा पशु सड़क पर घूमते हैं जिससे हादसे का डर बना रहता है।
-
जमीन खरीदने को लेकर मिल चुकी है मंजूरी
नगर परिषद के भवन के लिए सेक्टर-16 में एचएसवीपी की लगभग 1.92 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है। इस भूमि के लिए एचएसवीपी की ओर से 13.21 करोड़ रुपये की डिमांड की गई थी। इस भूमि पर कार्यालय भवन का निर्माण भी करवाया जाना है। इसे लेकर मंजूरी मिल चुकी है। नगर परिषद को नया भवन मिलने के बाद सुविधाओं में भी विस्तार होगा। अभी मौजूदा भवन छोटा पड़ रहा है। इस वजह से अधिकारी व कर्मचारी भी काफी परेशान हैं। फाइलें रखने के लिए भी जगह नहीं मिलती है।
वर्जन:
नगर परिषद की बैठक में पांच एजेंडे पास हुए थे। इनकी मंजूरी के लिए फाइल मुख्यालय भेज दी गई है। मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। -पूनम यादव, चेयरपर्सन, नगर परिषद रेवाड़ी।