गांव रामसिंहपुरा स्थित डंपिंग यार्ड का हरियाणा विधानसभा द्वारा गठित पर्यावरण कमेटी के चेयरमैन ए
रेवाड़ी। हरियाणा विधानसभा की पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण कमेटी ने शुक्रवार को रेवाड़ी का दौरा कर साहबी मसानी बैराज, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और डंपिंग यार्ड की स्थिति का जायजा लिया।
कमेटी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैराज में गंदे पानी का प्रवेश हर हाल में रोका जाए और नियमों की अवहेलना करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साहबी बैराज में गंदगी देखकर समिति के सदस्य हैरान रह गए।
कमेटी के चेयरमैन एवं रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने बताया कि साहबी मसानी बैराज से गंदे पानी की निकासी के लिए करीब 219 करोड़ रुपये की लागत से नई परियोजना तैयार की गई है।
पाइपलाइन के माध्यम से बैराज के पानी को ड्रेन नंबर 8 में डाला जाएगा। परियोजना को पूरा करने में लगभग एक वर्ष का समय लगेगा। इसके बाद बैराज के आसपास के गांवों में जलभराव की समस्या स्थायी रूप से खत्म होगी।
दोबारा निरीक्षण कर रिपोर्ट ली जाएगी
निरीक्षण के दौरान गवर्नमेंट चीफ व्हिप एवं इंद्री विधायक राम कुमार कश्यप और नारनौंद विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि यह कमेटी का पहला दौरा है। निर्धारित समयावधि के बाद दोबारा निरीक्षण कर अपडेट रिपोर्ट ली जाएगी ताकि सुधार के प्रभाव का मूल्यांकन किया जा सके।