गुरुग्राम। अपराध शाखा सेक्टर-17 की पुलिस ने दुकान की छत तोड़कर सामान चोरी करने वाले एक आरोपी को 16 फरवरी को सेक्टर-29 से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से 12 सिगरेट के पैकेट व वारदात में प्रयोग किया गया एक हथौड़ा बरामद किया। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
आरोपी की पहचान अलवर (राजस्थान) के मोहल्ला कुटली, वार्ड-14 निवासी मोहन (24) के रूप में हुई है। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि चोरी करने के लिए पहले वह रैकी करता है और मौका पाकर घरों व दुकानों के ताले या छत तोड़कर चोरी कर लेता है।
16/17 फरवरी की रात को सिटी थाना क्षेत्र में पान की दुकान की छत का लेंटर तोड़कर सिगरेट व अन्य सामान चोरी कर लिया था। आरोपी मोहन ने रेवाड़ी में चोरी करने की एक अन्य वारदात को भी अंजाम देने का खुलासा किया।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड जांचने पर पता चला कि उसके खिलाफ चोरी करने के तहत व उद्घोषित अपराधी होने के तहत नौ मामले रेवाड़ी में पहले भी दर्ज हैं। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी मोहन को 17 फरवरी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है।