रेवाड़ी। साइबर थाना पुलिस ने गांव रामगढ़ निवासी एक व्यक्ति से टास्क के नाम पर मुनाफे का लालच देकर 11.59 लाख रुपये ठगने करने के मामले एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिल्ली के हरी नगर बी ब्लाॅक निवासी लवनीत सिंह उर्फ लव के रूप में हुई है। इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
रामगढ़ निवासी भगत सिंह ने 17 अक्तूबर 2023 को शिकायत में बताया था कि उसके पास 25 सितंबर 2023 को टेलीग्राम पर एक मैसेज आया था, जिसमें टास्क के बदले पैसा कमाने का लालच दिया गया। नया मेंबर होने के नाते शुरू में उससे एक हजार रुपये जमा कराने को कहा गया। उसने यह राशि बताए गए नंबरों पर ट्रांसफर कर दी। उसके बदले उसे 1350 रुपये मिले थे। इसके बाद कई बार में उसने 11 लाख 59 हजार 550 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
मामले में पुलिस ने साइबर थाना रेवाड़ी में ठगी का मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त दो आरोपी दिल्ली के बुध विहार निवासी सन्नी खन्ना व सेक्टर-65 गुरुग्राम निवासी पारस बजाज को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने आरोपी पारस बजाज के कब्जे 5 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 9 डेबिट कार्ड व 1 रुपये गिनने की मशीन बरामद की थी। सोमवार को एक और आरोपी लवनीत सिंह उर्फ लव को गिरफ्तार किया गया।