संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के एक सरकारी मिडल स्कूल में आठवीं की तीन छात्राओं से छेड़छाड़ मामले में बाल कल्याण समिति ने सोमवार को तीनों छात्राओं को पहले अलग-अलग 30 से 40 मिनट तक फिर एक साथ बैठाकर काउंसिलिंग की। छात्राओं ने आरोपी शिक्षक राजेश की एक-एक करतूत के बारे में बताया।
बाल कल्याण समिति की चेयरपर्सन कुसुम लता ने बताया है कि एक छात्रा ने पिछले साल सातवीं में दाखिला लिया था। एक साल पहले भी उससे आरोपी ने छेड़छाड़ की थी। तब विरोध जताने पर राजेश ने कहा था कि स्कूल की बातें घर नहीं बताते। इस साल फिर ऐसी हरकत की तो छात्रा ने पिता को यह बात बताई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई।
दूसरी छात्रा ने बताया कि उसके साथ आरोपी शिक्षक ने कुछ दिन पहले ही छेड़छाड़ शुरू की थी। आरोपी बीच-बीच में छेड़छाड़ किया करता था। जब एक ने शिकायत की तो उसने भी हिम्मत दिखाते हुए अपनी आवाज उठाई। तीसरी छात्रा ने बताया कि वह छेड़छाड़ से काफी परेशान थी लेकिन शिक्षक की तरफ से हमेशा स्कूल से निकालने की धमकी दी जाती थी। इस वजह से वह कुछ भी नहीं बता पाती थी। अब वह सब कुछ खुलकर बताना चाहती है।
पुलिस ने आरोपी के घर पर दी दबिश, नहीं चढ़ा हत्थे
तीन छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोपी शिक्षक राजेश की गिरफ्तार के लिए पुलिस ने घर पर दबिश दी लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। आरोपी राजेश 30 जुलाई तक छुट्टी पर चला गया है। उसने सीएल अप्लाई की है। बताया जा रहा है शुक्रवार को छेड़छाड़ की शिकायत आने के बाद ही आरोपी शनिवार से ही छुट्टी पर चला गया। आरोपी इस स्कूल में तीन साल से कार्यरत है। आरोपी महेंद्रगढ़ का रहने वाला है। घटना के बाद से गांव में भी तनाव का माहौल है। शिक्षा विभाग गिरफ्तारी के बाद ही आरोपी शिक्षक पर कार्रवाई के बारे में कोई निर्णय लेगा।
वर्जन-
-आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार दबिश दे रही है। वह भाग हुआ है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-सतीश कुमार, इंस्पेक्टर
...............
-छेड़छाड़ से पीड़ित तीन छात्राओं की मंगलवार को काउंसिलिंग की गई है। काउंसिलिंग इसलिए की जाती है ताकि बच्ची डरे नहीं और उसे बेहतर माहौल मिल सके।
-कुसुम लता, चेयरपर्सन, बाल कल्याण समिति।