संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। साइबर थाना पुलिस ने परिचित बनकर 60 हजार रुपये ट्रांसफर कराने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जिला नूंह के गांव नगीना निवासी शोयब खान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया है।
गांव राजपुरा खालसा निवासी सतीश कुमार ने शिकायत में बताया था कि उनके पास 31 अक्तूबर 2023 को किसी अंजान नंबर से किसी परिचित का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को परिचित बताते हुए कहा कि उसका रिश्तेदार बीमार है। इसलिए उसे गूगल-पे पर 60 हजार रुपये ट्रांसफर कर देना। इसके बाद पहले उसने 25 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद शातिर ने फिर से 35 हजार रुपये और ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद उसने पड़ताल की तो पता चला कि उसके साथ किसी ने धोखाधड़ी की है। इस पर पुलिस ने साइबर थाना रेवाड़ी में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के बाद पुलिस ने शोयब खान को गिरफ्तार कर लिया है।