रेवाड़ी। शहर के मुख्य मार्गों, सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइटों के संचालन, मरम्मत और रखरखाव पर वार्षिक 98.31 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए नगर परिषद ने टेंडर जारी कर दिया है। ठेकेदार को स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी दी गई है। स्ट्रीट लाइटों को दीपावली से पहले दुुरस्त करने का प्रयास किया जाएगा।
पिछले वर्ष नगर परिषद ने 98.51 लाख रुपये का टेंडर लगाया था। शहर के कई वार्डों में लंबे समय से खराब स्ट्रीट लाइटें लोगों की परेशानी का कारण बन रही हैं। शाम होते ही मुख्य सड़कों, गलियों और पार्कों में अंधेरा फैल जाता है, जिससे न लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है। साथ ही आपराधिक घटानाएं होने का डर बना रहता है।
नागरिक नगर परिषद से लगातार स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने की मांग कर रहे थे। अब टेंडर जारी होने से उम्मीद है कि जल्द ही शहर की रोशनी व्यवस्था पटरी पर लौट आएगी।
नगर परिषद के अनुसार ठेकेदार को यह सुनिश्चित करना होगा कि शहर की किसी भी स्ट्रीट लाइट में खराबी आने पर उसका निवारण निर्धारित समय सीमा में हो। खराब चोक, स्टार्टर्स, इग्नाइटर, केबल या लैंप को बदलने, नए उपकरण लगाने और नियमित जांच करना ठेकेदार की जिम्मेदारी होगी।
अधिकारियों का कहना है कि काम की गुणवत्ता पर निगरानी रखी जाएगी। यदि किसी भी क्षेत्र में शिकायत मिली तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद
लोगों को मिलेगी राहत
शहर निवासी सुनील, विजय और राहुल ने बताया कि लंबे समय से अंधेरी गलियों में निकलना असुरक्षित हो गया था। महिलाओं और बुजुर्गों को खासतौर पर परेशानी का सामना करना पड़ता था। स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों और देर रात काम से लौटने वाले कर्मचारियों को अंधेर में डर लगता था। स्ट्रीट लाइट दुरुस्त होने से लोगों को सुविधा होगी। बाजार क्षेत्र के व्यापारी भी मानते हैं कि पर्याप्त रोशनी होने से ग्राहकों को रात तक खरीदारी में आसानी होगी और कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।
जलभराव से भूमिगत तार में आई खराबी
बारिश के बाद जलभराव से स्ट्रीट लाइट की जमीन के अंदर बिछाए गए तार में गड़बड़ी आने से भी कई स्ट्रीट लाइट खराब है। जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण जलभराव की समस्या पैदा होती है। इससे आवागमन प्रभावित होता है। सड़क भी खराब होती और अंडर ग्राउंड केबल में शॉट सर्किट से स्ट्रीट लाइट भी जलनी बंद हो जाती है। इसके बाद नगर परिषद की ओर से काफी दिनों तक इन स्ट्रीट लाइट पर ध्यान तक नहीं दिया जाता है, जिससे रात के समय सड़कों पर अंधेरा छाया रहता है। बरसात के समय पुराने हाउसिंग बोर्ड का मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो जाता है। आने जाने में काफी परेशानी होती है।
वर्जन:
शहर में स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करवाने को लेकर टेंडर लगाया गया है। विभिन्न स्थानों को चिह्नित किया जा चुका है। जल्द ही स्ट्रीट लाइट्स दुरुस्त कराई जाएगी।-पूनम यादव, चेयरपर्सन, नगर परिषद रेवाड़ी।