संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। भाड़ावास फाटक पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज की सर्विस रोड की पैमाइश मंगलवार को तहसीलदार श्रीनिवास ने की। इस दौरान क्षेत्र के लोग भी मौजूद रहे।
तहसीलदार के नेतृत्व में टीम ने सर्विस रोड की एक तरफ पैमाइश की। पिछले सप्ताह अभी तहसीलदार साइट को देखने के लिए आए थे। देवेंद्र, राजेश, जसवंत, पवन ने बताया कि सर्विस रोड 6 फीट से भी कम रह जाने से भविष्य में समस्याएं होंगी, जिसमें बिजली विभाग के खंबे, पानी की लाइन व सीवर लाइन भी है। इसकी वजह से रास्ता और भी संकरा हो जाएगा, जिससे भविष्य में ना तो फायर ब्रिगेड की गाडी जा सकेगी, ना एम्बुलेंस, बच्चों की स्कूल बसें व कूड़ा उठाने वाली गाड़ी भी नहीं पहुंच पाएंगी। इसे लेकर एसडीएम को जांच सौंपी गई थी, प्रक्रिया आगे बढ़ पाती उसके कुछ दिनों बाद आचार संहिता लग गई थी और पैमाइश भी नहीं हो पाई थी। अब पैमाइश शुरू हो चुकी है। लोग चाहते हैं कि जो पैमाइश होने के बाद जितनी जगह होगी। इसके बारे में पता चल जाएगा। इससे व्यवस्था बनाने में आसानी होगी। साथ ही भविष्य में भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। लोग भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
एचएसआरडीसी की ओर से दिसंबर 2021 में काम शुरू कर दिया गया था। अधिकारियों के अनुसार प्रोजेक्ट की डेडलाइन जून-2023 थी, मगर काम देरी से शुरू होने के चलते और देरी होती गई। अभी तक इसमें 18 माह की देरी हो चुकी है। फिर इसकी डेडलाइन सितंबर 2024 बताई जा रही थी लेकिन इस अवधि में काम पूरा नहीं हुआ। दिसंबर 2024 तक चर्चा हुई, मगर अब भी काम जून 2025 तक ही पूरा होता नजर आ रहा है।
लोगों को आने जाने में होती है काफी परेशानी
बावल हलके के 35 गांव इस रोड पर पड़ते हैं जो जाटूवास गांव से शुरू होकर खंडोड़ा गांव तक पड़ते हैं। लोगों का कहना है कि छोटे-मोटे काम के लिए रेवाड़ी जाना पड़ता है और रेवाड़ी जाने का एकमात्र यही रास्ता है। इस रास्ते के बंद होने की वजह से उनको बहुत ज्यादा परेशानी हो रही है। यहां की 4 कॉलोनी कंपनीबाग, हंस नगर, न्यू आदर्श नगर व परशुराम कॉलोनी की 5 हजार की आबादी प्रभावित होगी क्योंकि लोगों का विभिन्न कामों से यहां आना-जाना रहता है।