रेवाड़ी। उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल के कनकपुरा रेलवे स्टेशन यार्ड में तकनीकी और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य से कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि कुछ ट्रेनें आंशिक रद्द रहेंगी जबकि कई का मार्ग परिवर्तित किया गया है।
उन्होंने बताया कि नई दिल्ली-दौराई शताब्दी एक्सप्रेस 4 मई से 6 मई, 9 मई ओर 12 मई से 15 मई तक 8 ट्रिप में नई दिल्ली से चलकर केवल खातीपुरा तक ही संचालित होगी। यह ट्रेन खातीपुरा से दौराई के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी। दौराई-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस भी इन तिथियों में दौराई की जगह खातीपुरा से संचालित होगी और दौराई से खातीपुरा के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी।
जम्मूतवी-अजमेर एक्सप्रेस 3 मई से 5 मई, 8 मई और 11 मई से 14 मई तक 8 ट्रिप में जम्मूतवी से चलकर केवल खातीपुरा तक ही जाएगी। वहीं अजमेर-जम्मूतवी एक्सप्रेस भी इन तिथियों में अजमेर की जगह खातीपुरा से संचालित होगी।
कई ट्रेनों का मार्ग भी बदला गया है। इनमें ट्रेन दिल्ली सराय-बांद्रा टर्मिनस, जैसलमेर-काठगोदाम, काठगोदाम-जैसलमेर, पोरबंदर-मुजफ्फरपुर, श्री माता वैष्णो देवी कटरा-साबरमती, पोरबंदर-दिल्ली सराय, भुज-बरेली, अजमेर-चंडीगढ़, बरेली-भुज, जम्मूतवी-बाड़मेर, न्यू जलपाईगुड़ी-उदयपुर सिटी, साबरमती-सुल्तानपुर और मुजफ्फरपुर-पोरबंदर ट्रेनें शामिल हैं। ये ट्रेनें परिवर्तित मार्ग रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा या फुलेरा-रींगस-रेवाड़ी होकर संचालित होंगी।
अजमेर-जम्मूतवी एक्सप्रेस 11 मई को निर्धारित समय से एक घंटे की देरी से प्रस्थान करेगी। वहीं जैसलमेर-काठगोदाम एक्सप्रेस 9 और 10 मई को मार्ग में जयपुर मंडल पर लगभग 15 मिनट तक रेगुलेट रहेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।