धारूहेड़ा। गांव आकेड़ा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में गुजरात के अरावली जिले से सैनिक स्कूल के अध्यापक, प्राचार्य और अन्य प्रतिनिधियों की टीम अध्ययन दौरे पर पहुंची। टीम ने विद्यालय का निरीक्षण करते हुए यहां की शैक्षणिक व्यवस्था और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली।
दौरे के दौरान टीम ने विद्यालय की रूपरेखा, पढ़ाई की व्यवस्था, मिड-डे मील, साइंस लैब, लाइब्रेरी तथा विद्यार्थियों के लिए संचालित अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय में चल रही एनसीसी, खेल गतिविधियों, एनएमएमएस, बुनियाद, सुपर-100 और विज्ञान प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना की।
प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय में शिक्षा के स्तर और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को सराहनीय बताया। टीम ने इस शैक्षणिक भ्रमण को काफी प्रभावी और उपयोगी बताया। इसके साथ ही उन्होंने गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति प्राइमरी पाठशाला का भी दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं को देखा।
शिवराज, अमीर सिंह, वंदना यादव और डॉ. सज्जन कौशिक ने भी विद्यालय में चल रही विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों पर प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रवक्ता योगेश, मनीषा, नीतू, वंदना, सावित्री, रिमी, लक्ष्मी, पूनम, राजेश और विष्णु सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।