रेवाड़ी। जैन पब्लिक स्कूल में मंगलवार को अग्निशमन दल ने मॉकड्रिल कर विद्यार्थियों को आग से बचाव के तरीके बताए।
विद्यालय के मीडिया प्रभारी गोपाल शर्मा ने बताया कि अग्निशमन विभाग की ओर से मनाए जा रहे अग्निसुरक्षा सप्ताह के तहत आपदा प्रबंधन पर मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। अग्निशमन अधिकारी मामचंद ने विद्यार्थियों को आग से बचने के उपाय बताए। उन्होंने बच्चों को एलपीजी गैस, लकड़ी, कपड़े आदि में फैलने वाली आग से बिना घबराहट के निपटने के टिप्स दिए। विद्यालय के सभागार व मैदान में बच्चों को माॅकड्रिल करके आग जैसी आपदा से बचाव के तरीके समझाए गए।
इस अवसर पर अग्निशमन टीम के अजय कुमार, चिराग, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान प्रदीप जैन, अनुज जैन, पलका जैन, प्रद्युम्न जैन उपस्थित रहे। स्कूल प्रबंधन की ओर से पूरी टीम को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्या सोनल छाबड़ा ने सभी का आभार जताया।