प्रशिक्षण देते एसआईपीए के अधिकारी। स्रोत:संस्थान
रेवाड़ी। हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान गुरुग्राम की ओर से मंगलवार को राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज लिसाना में सरकारी कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कर्मचारियों को सुशासन के गुर सिखाए गए।
साथ ही सूचना का अधिकार अधिनियम (आरटीआई), यात्रा भत्ता (टीए) नियमों और सरकारी कर्मचारियों के आचरण नियमों के बारे में जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में एसआईपीए गुरुग्राम के डिवीजन ट्रेनिंग सेंटर के प्रभारी एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी शिव प्रसाद शर्मा, डिवीजन ट्रेनिंग सेंटर के पूर्व प्राचार्य अविनाश चंदर शर्मा और ट्रेजरी अधिकारी सतीश कुमार यादव ने प्रशिक्षकों के रूप में भाग लिया।
उन्होंने विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी देते हुए कर्मचारियों को सरकारी कार्यप्रणाली, नियमों के पालन और अपने दायित्वों के प्रति जागरूक किया। प्रशिक्षण सत्र को संवादात्मक बनाया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर चर्चा की और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
प्रशिक्षकों ने सरकारी कामकाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और नियमों के अनुसार कार्य करने के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को प्रशासनिक नियमों की जानकारी देकर कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाना रहा। राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, लिसाना के प्राचार्य डॉ. सुखवीर यादव ने की टीम का आभार व्यक्त किया।