रेवाड़ी। जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से आयोजित बाल महोत्सव के सातवें दिन बाल भवन में हरियाणवी संस्कृति की झलक देखने को मिली। इस दौरान हरियाणवी रागनी और रंगोली प्रतियोगिता हुई। रागनी प्रतियोगिता में तीसरे वर्ग में ताशु यादव और चौथे वर्ग में हिमांशु पहला प्रथम रहे। वहीं, रंगोली में तीसरे वर्ग में वेरैन यादव प्रथम और चौथे वर्ग में आशिता यादव प्रथम रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की मानद महासचिव मीना कांबोज ने किया। उन्होंने कहा कि बाल महोत्सव बच्चों की कलात्मक प्रतिभा को निखारने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने का बेहतर मंच है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद भविष्य में हरियाणवी परिवेश, संस्कृति और कला से जुड़ी नई प्रतियोगिताएं शुरू करेगी, ताकि बच्चे अपनी परंपराओं से जुड़ सकें और अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया, जबकि अतिरिक्त उपायुक्त राहुल मोदी ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। जिला बाल कल्याण अधिकारी वीरेंद्र यादव ने बताया कि बाल महोत्सव का उद्देश्य बच्चों को अपनी रुचि और कौशल के प्रदर्शन के लिए मंच उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में फरीदाबाद से कार्यक्रम अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त अनिल मोरवाल को सम्मानित किया गया। उन्होंने बाल भवन से जुड़ी पुरानी यादें और अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि बाल भवन उनके लिए केवल कार्यस्थल नहीं, बल्कि जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। उन्होंने भविष्य में भी बच्चों के कल्याण से जुड़ी गतिविधियों में सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
रागनी प्रतियोगिता के तीसरे वर्ग में ताशु यादव प्रथम, गुंजन द्वितीय और निशिका तृतीय रहीं। चौथे वर्ग में हिमांशु ने पहला, रेयांश यादव ने दूसरा और इशिका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
रंगोली स्पर्धा में तीसरे वर्ग में वेरैन यादव प्रथम, लुभानी द्वितीय तथा रिया और हंशिता संयुक्त रूप से तृतीय रहीं। चौथे वर्ग में आशिता यादव प्रथम, बिंदिया द्वितीय और भूमिका तृतीय स्थान पर रहीं।
बाल महोत्सव में अपनी प्रतिभा दिखाते प्रतिभागी। संवाद
बाल महोत्सव में अपनी प्रतिभा दिखाते प्रतिभागी। संवाद
बाल महोत्सव में अपनी प्रतिभा दिखाते प्रतिभागी। संवाद