रेवाड़ी। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हरियाणा सरकार की ओर से मातृशक्ति उद्यमिता योजना चलाई जा रही है। इसके तहत महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने के लिए बैंकों के माध्यम से 5 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है। ऋण की किस्तों का समय पर भुगतान करने पर सरकार की ओर से तीन साल तक 7 प्रतिशत ब्याज अनुदान भी दिया जाएगा। इससे महिलाएं स्वरोजगार शुरू कर सकेंगी।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि महिला सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से मातृशक्ति उद्यमिता योजना शुरू की गई है। इसके तहत हरियाणा महिला विकास निगम की ओर से वर्ष 2025-26 में 21 मामलों में 2,03,514 रुपये की अनुदान राशि का लाभ दिया जा चुका है। वहीं, वर्ष 2026-27 के लिए रेवाड़ी जिले में 48 महिलाओं को योजना का लाभ देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
डीसी ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए महिला हरियाणा की स्थायी निवासी होनी चाहिए और उसके परिवार की वार्षिक आय 5 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। आवेदक की आयु 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
साथ ही वह पहले से लिए गए किसी ऋण की डिफाल्टर नहीं होनी चाहिए। योजना के तहत ऋण की किस्तों का नियमित और समय पर भुगतान करने पर हरियाणा सरकार की ओर से हरियाणा महिला विकास निगम के माध्यम से तीन साल तक 7 प्रतिशत ब्याज अनुदान दिया जाएगा।
इन व्यवसायों के लिए ले सकती हैं ऋण
योजना के तहत डेयरी व्यवसाय, उद्योग विभाग की सूची में शामिल प्रतिबंधित गतिविधियों और खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड से संबंधित गतिविधियों को छोड़कर अन्य व्यवसायों के लिए ऋण लिया जा सकता है। इनमें ऑटो रिक्शा, छोटा मालवाहक वाहन, थ्री व्हीलर, ई-रिक्शा और टैक्सी खरीदना शामिल है। इसके अलावा महिलाएं सैलून, ब्यूटी पार्लर, सिलाई, बुटीक, फोटोस्टेट की दुकान, पापड़-अचार बनाने, हलवाई की दुकान, खाद्य सामग्री की दुकान, आइसक्रीम और बिस्किट बनाने, टिफिन सेवा तथा मिट्टी के बर्तन बनाने जैसे काम शुरू कर सकती हैं।