रेवाड़ी। नागपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन की दर्ज पर अब रेवाड़ी जंक्शन पर डिजिटल एक्सेस मैप (डिजिटल मार्गदर्शक) लगाया जाएगा। इसके माध्यम से यात्रियों को प्लेटफॉर्म, टिकट घर और अन्य सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल जाएगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
रेलवे का लक्ष्य इसी वित्तीय वर्ष के अंत तक रेवाड़ी जंक्शन पर डिजिटल एक्सेस मैप लगाना है। इसके तहत स्टेशन के मुख्य सर्कुलेटिंग एरिया यानी प्रवेश द्वार के पास टच स्क्रीन कियोस्क स्थापित किया जाएगा।
इस डिजिटल व्यवस्था के तहत स्टेशन परिसर का थ्री-डी और नक्शा स्क्रीन पर उपलब्ध होगा। यात्री टच स्क्रीन के माध्यम से अपनी जरूरत की सुविधा का चयन कर सकेंगे और वहां तक पहुंचने का रास्ता देख सकेंगे।
इसके अलावा कियोस्क पर प्रदर्शित क्यूआर कोड स्कैन करके संबंधित जानकारी सीधे अपने मोबाइल फोन पर भी प्राप्त कर सकेंगे। इससे विशेषकर पहली बार रेवाड़ी जंक्शन आने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
डिजिटल मार्गदर्शक में स्टेशन परिसर का विस्तृत लेआउट उपलब्ध रहेगा। यात्री स्क्रीन पर प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, पूछताछ केंद्र, वेटिंग हॉल, विश्राम कक्ष, फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट, एस्केलेटर, खानपान स्टॉल और निकास द्वार जैसी सुविधाओं का विकल्प चुन सकेंगे।
इसके बाद उन्हें संबंधित स्थान तक पहुंचने का मार्ग दिखाई देगा। क्यूआर कोड स्कैन करने पर यही नेविगेशन सुविधा मोबाइल पर भी उपलब्ध होगी।
बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को भी मिलेगी राहत
डिजिटल मार्गदर्शक शुरू होने से अनजान यात्रियों, महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को स्टेशन पर रास्ता तलाशने में परेशानी नहीं होगी। व्हीलचेयर रैंप, सुलभ शौचालय और विशेष लिफ्ट जैसी सुविधाओं की लोकेशन की एक क्लिक पर मिल सकेगी। इससे यात्रियों का समय बचेगा और भीड़ के दौरान स्टेशन परिसर में आवाजाही को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
वर्जन
जयपुर मंडल रेल यात्रियों का सफर अधिक आरामदायक, आधुनिक और सुगम बनाने का प्रयास कर रहा है। नागपुर रेलवे स्टेशन की तर्ज पर रेवाड़ी जंक्शन पर डिजिटल मार्गदर्शक लगाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है। इसी वित्तीय वर्ष के अंत तक यह कार्य पूरा कर यात्रियों को सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।-भूपेश यादव, सीनियर डीसीएम, जयपुर मंडल, उत्तर पश्चिम रेलवे।