रेवाड़ी। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से चलाई जा रही हरियाणा मातृशक्ति उद्यमिता योजना के तहत जिले में 48 महिलाओं को लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से 21 मामलों में 2,03,514 रुपये की अनुदान राशि दी जा चुकी है।
जिला उपायुक्त अभिषेक मीणा ने बताया कि इस योजना के तहत वे महिलाएं पात्र हैं जिनकी वार्षिक आय 5 लाख रुपये से कम है और आयु 18 से 60 वर्ष के बीच है। लाभार्थी किसी भी बैंक ऋण की डिफाल्टर नहीं होनी चाहिए। समय पर किश्तों का भुगतान करने पर तीन वर्षों तक 7 प्रतिशत ब्याज अनुदान भी दिया जाता है।
इस योजना में ऑटो, ई-रिक्शा, टैक्सी, ब्यूटी पार्लर, टेलरिंग, बुटीक, फूड स्टॉल, पापड़-आचार निर्माण जैसे अनेक स्वरोजगार कार्य शामिल हैं। डीसी ने महिलाओं से अपील की है कि वे आगे बढ़कर इस योजना का लाभ लें और अपने हुनर को व्यवसाय में बदलें।