शहर का महाराणा प्रताप चौक। स्रोत: आयोजक
रेवाड़ी। महाराणा प्रताप चौक पर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती पर बुधवार को समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे आचार्य सुखदेव आर्य और टीम वैदिक हवन के साथ करेगी। इस माके पर प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन समिति के प्रवक्ता महाशय अनंगपाल ने बताया कि राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न संस्थाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। हिमालय परिवार हरियाणा प्रांत, वीर सावरकर उद्यान विकास समिति ट्रस्ट, बीएमडी यूथ क्लब धारण तथा युवा शक्ति संगठन गोठड़ा टप्पा डहीना को सेवा, सहयोग, मानवता, पुस्तकालय, स्वास्थ्य और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में ऑल इंडिया राजपूत स्टूडेंट एंड सोसाइटी, चंडीगढ़ की ओर से मेधावी एवं जरूरतमंद छात्र-छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति योजना की जानकारी भी दी जाएगी। पात्र विद्यार्थियों को 2,500 रुपये से लेकर 15 हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति के लिए निशुल्क आवेदन पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। संस्था द्वारा 20 लाख रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में प्रदान की जाएगी।
समारोह में रॉयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक एवं अध्यक्ष नंबरदार विजय सिंह चौहान स्वागत अध्यक्ष होंगे। मुख्य अतिथि के रूप में रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष वंदना पोपली, डीसीपी संतोष तंवर, विवेकानंद केंद्र के प्रांत संचालक प्रो. दशरथ चौहान, हिमालय परिवार के प्रांत अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण शर्मा तथा राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एमपी गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।